नई दिल्ली, 23 अगस्त 2025:
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom) और उससे जुड़ी कुछ अन्य फर्मों के खिलाफ लगभग 2000 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज किया है। इस संबंध में सीबीआई ने शुक्रवार को देशभर में कई ठिकानों पर छापेमारी भी की।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की एफआईआर एक प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि आरकॉम और उसकी सहयोगी कंपनियों ने विभिन्न बैंकों से लिए गए कर्ज को जानबूझकर नहीं चुकाया और फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया।
जिन स्थानों पर छापेमारी हुई:
सीबीआई की टीमें मुंबई, दिल्ली और पुणे समेत कुल छह से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डिवाइसेज़ जब्त किए गए हैं।
बैंकों को हुआ बड़ा नुकसान:
सीबीआई की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरकॉम ने बैंकिंग प्रणाली से लगभग ₹2000 करोड़ का कर्ज लिया था, जिसे चुकाए बिना ही कंपनी को दिवालिया घोषित कर दिया गया। इस वजह से बैंकों को भारी वित्तीय नुकसान हुआ।
सीबीआई का बयान:
सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,
“हमें प्रारंभिक जांच में वित्तीय अनियमितताओं और जानबूझकर कर्ज न चुकाने की जानकारी मिली है। इस मामले में कुछ शीर्ष अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।”
CBI अब आरकॉम के पूर्व और वर्तमान निदेशकों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले से जुड़े बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जाएगी।




