नई दिल्ली। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस्तीफे के 42 दिन बाद अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। सोमवार शाम (1 सितंबर) को वह दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर के गदाईपुर इलाके में स्थित एक निजी फार्महाउस में शिफ्ट हो गए। यह फार्महाउस इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) नेता अभय चौटाला का है। धनखड़ यहां अस्थायी तौर पर रहेंगे, जब तक उन्हें पूर्व उपराष्ट्रपति के नाते टाइप-8 श्रेणी का सरकारी आवास नहीं मिल जाता।

धनखड़ ने 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पद से इस्तीफा दिया था। तब से वह संसद भवन के पास बने नए उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में रह रहे थे। उनके इस्तीफे को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए थे, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया था कि यह पूरी तरह से व्यक्तिगत स्वास्थ्य कारणों की वजह से हुआ। धनखड़ का कार्यकाल मूल रूप से 10 अगस्त 2027 तक था।
अब 9 सितंबर को नए उपराष्ट्रपति का चुनाव होगा। इस पद के लिए एनडीए ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्ष ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी को प्रत्याशी घोषित किया है। सभी की निगाहें अब इस चुनाव पर टिकी हैं।
Reported by:- निखिल रस्तोगी




