पीएम मोदी के जन्मदिन पर फिटनेस और जागरूकता का संगम, देशभर में होगा ‘नमो युवा रन’

SHARE:

नई दिल्ली, 7 सितंबर।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्या ने आज प्रेस वार्ता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को समर्पित ‘नमो युवा रन’ का शुभारंभ किया। यह पहल देश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस मौके पर फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन भी मौजूद रहे और उन्हें इस रन का एंबेसडर घोषित किया गया। वह स्वयं भी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलेगा और विभिन्न शहरों व जगहों पर इसका आयोजन किया जाएगा।

और इसमें भाग लेने के लिए एक ऐप को भी लॉन्च किया, जिसके द्वारा रन में भाग लेने के लिए सभी अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते है l

 

मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पिछले ग्यारह वर्षों से देशभर में नशा मुक्ति अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इसमें उल्लेखनीय सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से ‘सेवा पखवाड़ा’ भी शुरू होगा, जो 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। इस 16 दिवसीय अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक और जनहितकारी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

संडे ऑन साइकिल एवं फिट इंडिया मूवमेंट

मांडविया ने आगे बताया कि उनके मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान भी युवाओं में लोकप्रिय हो रहा है। वर्तमान में देशभर के 8000 से अधिक स्थानों पर लोग हर रविवार को इस पहल से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट के तहत युवाओं में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता में सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं।

तेजस्वी सूर्या ने अपने संबोधन में कहा कि किस तरह युवा नशे की गिरफ्त में आकर कई कठिन हालातों से गुजरते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान एक ऐसी पहल है, जो युवाओं को जोड़ रही है और उनमें सकारात्मक सोच का विकास कर रही है।

प्रोग्राम के आखिर में तेजस्वी सूर्या ने मिलिंद सोमन से अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए उनके साथ स्टेज पर पुश-अप्स भी लगाए। इस दौरान युवाओं ने भी सक्रिय भागीदारी की और स्वस्थ रहने का संदेश दिया।

Reported by:- निखिल रस्तोगी

Leave a Comment