उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज तड़के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ रूस के किल्मीकिया रिपब्लिक की राजधानी इलिस्ता के लिए रवाना हुए। यह प्रतिनिधिमंडल भगवान तथागत बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों को लेकर भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से नई दिल्ली से प्रातः 2:30 बजे रवाना हुआ।
प्रतिनिधिमंडल में 43 शाक्य तिनजिन ज्ञान वज्र रिनपोछे सहित 11 प्रमुख भारतीय बौद्ध भिक्षु भी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 11 से 18 अक्टूबर तक इलिस्ता में आयोजित ‘बुद्ध अवशेष प्रदर्शनी’ में भाग लेगा।
इस आयोजन का उद्देश्य भारत और रूस के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और मजबूत करना है। पिपरहवा, जो सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश) में स्थित है, भगवान बुद्ध के प्राचीन अवशेषों का अत्यंत पवित्र स्थल माना जाता है।




