निवेश से रोजगार तक: योगी के मंत्र ने यूपी को बनाया वैश्विक विकास मॉडल

SHARE:

उत्तर प्रदेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते कुछ वर्षों में विकास, निवेश और सुशासन के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। “Fearless बिजनेस” और “Ease of Doing Business” को विकास का मूल मंत्र बनाकर राज्य सरकार ने ऐसा कारोबारी माहौल तैयार किया है, जहाँ निवेशक और उद्यमी बिना किसी डर, दबाव या अनावश्यक अड़चनों के अपना व्यवसाय शुरू और संचालित कर सकें। सख्त कानून-व्यवस्था, पारदर्शी प्रशासन और त्वरित निर्णय प्रणाली ने उत्तर प्रदेश की छवि को पूरी तरह बदल दिया है और इसे वैश्विक निवेश मानचित्र पर एक मजबूत स्थान दिलाया है।

योगी सरकार ने व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए बड़े स्तर पर सुधार लागू किए हैं। प्रदेश में 4,600 से अधिक व्यवसाय-संबंधी सुधार किए गए हैं, जिनमें कई नियमों को सरल किया गया, जटिल प्रक्रियाओं को समाप्त किया गया और अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन किया गया। छोटे और मध्यम उद्यमों को राहत देते हुए 577 से अधिक छोटे उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से हटाकर केवल आर्थिक दंड तक सीमित किया गया, जिससे कारोबारियों का प्रशासनिक बोझ कम हुआ और भयमुक्त माहौल बना।

निवेशकों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘निवेश मित्र’ सिंगल-विंडो पोर्टल को प्रभावी रूप से लागू किया है, जिसके माध्यम से सैकड़ों सेवाओं और अनुमतियों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया गया है। इससे निवेश प्रस्तावों की मंजूरी में तेजी आई है और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि केंद्र सरकार के उद्योग विभाग द्वारा जारी Ease of Doing Business रैंकिंग में उत्तर प्रदेश शीर्ष राज्यों में शामिल हुआ, जो राज्य के सुधारों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।

सरकार की नीतियों ने निवेश आकर्षित करने में भी अहम भूमिका निभाई है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो और स्टार्टअप कॉन्क्लेव जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य ने देश-विदेश के निवेशकों को आकर्षित किया है। इन मंचों से बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं, जिससे उद्योगों का विस्तार हुआ और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए। विशेष रूप से स्टार्टअप, MSME, महिला उद्यमिता और युवा नवाचार को बढ़ावा देने पर सरकार का फोकस साफ दिखाई देता है।

उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था भी इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह बनी है। अपराध पर सख्ती, त्वरित कार्रवाई और प्रशासनिक पारदर्शिता ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। आज प्रदेश में उद्योग लगाने वाले निवेशकों को सुरक्षा, स्थिरता और सहयोग का भरोसा मिलता है, जो किसी भी वैश्विक निवेश गंतव्य की बुनियादी शर्त होती है। इसी कारण उत्तर प्रदेश अब केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक भरोसेमंद निवेश केंद्र के रूप में उभर रहा है।

कुल मिलाकर, “Fearless और Ease of Doing Business” की नीति ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर विकास, निवेश और सुशासन का ग्लोबल मॉडल बना दिया है। मजबूत नीतियां, सुधारों की निरंतरता और स्पष्ट नेतृत्व के चलते उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से आगे बढ़ते राज्यों में गिना जा रहा है और आने वाले वर्षों में इसके आर्थिक विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।

Leave a Comment