Reported by: निखिल रस्तोगी
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में अब ‘संगठन पर्व’ अपने अंजाम तक पहुँचने वाला है । देश की सत्ताधारी पार्टी के नए ‘कमांडर’ यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का आधिकारिक ऐलान हो गया है। इसी बीच पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी व राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने शुक्रवार को चुनाव का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया । पार्टी मुख्यालय में ताजपोशी की तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है l
इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी रेखा वर्मा, तरुण चुग, दुष्यंत गौतम, नरेश बंसल भी मौजूद रहें l हालाँकि, सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि यह चुनाव महज एक औपचारिकता है, क्योंकि नितिन नबीन की ताजपोशी का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है।
पार्टी ने फिलहाल नितिन नबीन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी हुई है। सूत्रों और पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को देखें, तो यह माना जा रहा है कि इस चुनावी प्रक्रिया के बाद उन्हें ही पूर्णकालिक अध्यक्ष के रूप में चुना जाएगा। यह कार्यकाल तीन साल का होगा l इस चुनाव को लेकर जारी सुगबुगाहट अब एक आधिकारिक मुहर का इंतजार कर रही है।
19 जनवरी: गहमागहमी भरा होगा दिन
डॉ. के. लक्ष्मण द्वारा जारी की गई समय-सारणी के मुताबिक, 16 जनवरी को निर्वाचक मंडल की सूची जारी कर दी गई है । लेकिन असली हलचल सोमवार, 19 जनवरी को देखने को मिलेगी।
नामांकन : 19 जनवरी की दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे ।

जांच और वापसी: उसी शाम 4 से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और 5 से 6 बजे के बीच नाम वापस लिए जा सकेंगे ।
तस्वीर होगी साफ: शाम 6:30 बजे चुनाव अधिकारी प्रेस के सामने आकर स्थिति स्पष्ट करेंगे ।
20 जनवरी को होगा फैसला
अगर चुनाव की नौबत आती है (मतदान आवश्यक हुआ), तो फिर मतदान मंगलवार, 20 जनवरी को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच संपन्न होगा । उसी दिन आधिकारिक घोषणा भी कर दी जाएगी । यह पूरी प्रक्रिया नई दिल्ली में 6-ए, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में संपन्न होगी । कुल मिलाकर, अगले 5 दिन बीजेपी के लिए काफी अहम रहने वाले हैं, जिसके बाद पार्टी को अपना अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।




