प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 और 28 अप्रैल को सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सिक्किम के भारत में विलय की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। गंगटोक के ऐतिहासिक पालजोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह दौरा न केवल सिक्किम के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि पूर्वोत्तर भारत के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सिक्किम में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, ऊर्जा, पर्यटन, शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मजबूती प्रदान करना है। प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का भी दौरा करेंगे, जिसे ‘स्वर्णजयंती मैत्री मंजरि पार्क’ के रूप में विकसित किया गया है। यह पार्क सिक्किम की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रधानमंत्री यांगांग में 100 बिस्तरों वाले आधुनिक आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। साथ ही, एनआईटी देवराली में 30 बिस्तरों वाले इंटीग्रेटेड सोवा-रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस के प्रशासनिक भवन, हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा राज्य के 160 स्कूलों में आईटी-सक्षम आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की शुरुआत भी की जाएगी।
कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील आर्च पुलों की आधारशिला रखी जाएगी। कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा। गंगटोक में बिजली वितरण नेटवर्क के उन्नयन, जन सेवा सचिवालय, सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट और विभिन्न आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी कई योजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें रिज प्रीसिंक्ट का पुनर्विकास, कैलाश मानसरोवर यात्रा से संबंधित बुनियादी ढांचे का विकास, इको-टूरिज्म परियोजनाएं और सिक्किम इफको प्रोसेसिंग प्लांट शामिल हैं। युवाओं के लिए आधुनिक इंडोर क्रिकेट सुविधाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिक्किम के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा। साथ ही, यह राज्य की स्वर्णिम यात्रा को और गौरवशाली बनाने के साथ पूर्वोत्तर भारत को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



