प्रधानमंत्री Narendra Modi आज कर्नाटक और तेलंगाना के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह दोनों राज्यों को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी का यह दौरा बुनियादी ढांचे, उद्योग, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ दक्षिण भारत में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से बेहद अहम माना जा रहा है। खासतौर पर हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास इस दौरे का मुख्य आकर्षण रहेगा।
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से करेंगे। यहां वह The Art of Living Foundation के 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी संस्था के अंतरराष्ट्रीय केंद्र में नव-निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे और विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक पहलों की शुरुआत भी करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आध्यात्मिक गुरु, सामाजिक कार्यकर्ता और देशभर से आए अनुयायी शामिल होंगे। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था लंबे समय से ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, योग, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों पर काम करती रही है।
बेंगलुरु कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद पहुंचेंगे, जहां वह कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें वारंगल स्थित पीएम मित्र पार्क और काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं के जरिए केंद्र सरकार तेलंगाना को टेक्सटाइल और औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार का दावा है कि इससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री संगारेड्डी जिले के जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा वह हैदराबाद-पणजी आर्थिक कॉरिडोर के तहत गुडेबेलूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाने की परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना से तेलंगाना, कर्नाटक और गोवा के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा, जिससे व्यापार, परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देने के लिए पीएम मोदी इंडियन ऑयल के मलकापुर ग्रीनफील्ड टर्मिनल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत वह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सिंधु अस्पताल का उद्घाटन भी करेंगे, जहां कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा।
प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा दक्षिण भारत में अपने जनाधार को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है और ऐसे में विकास परियोजनाओं के जरिए जनता तक केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।




