त्रिनिदाद एवं टोबैगो की सरजमीं पर जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान उतरा, तो वहां का नजारा बेहद खास था। खुद त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला परसाद-बेसेसर ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ एयरपोर्ट पर मौजूद रहकर प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया।
इस ऐतिहासिक लम्हे में कमला के साथ 38 मंत्री और 4 सांसद मौजूद थे। एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों की गूंज, पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच जब पीएम मोदी ने त्रिनिदाद की धरती पर कदम रखा, तो माहौल भावुक और गर्व से भर गया।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में भारतीय प्रवासियों की भी भारी भीड़ उमड़ी थी। हाथों में तिरंगे, ‘जय हिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ त्रिनिदाद की धरती एक बार फिर भारतीय रंग में रंग गई।
स्वागत के दौरान कमला परसाद-बेसेसर ने प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से मुलाकात हुई। यह क्षण न केवल भारत-त्रिनिदाद संबंधों की गहराई को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि भारतीय संस्कृति और नेतृत्व को विश्व स्तर पर कितना सम्मान मिल रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा त्रिनिदाद के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




