भारत द्वारा हाल ही में सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब भारत दुश्मन के इलाके में अपने खास मिशन को अंजाम दे रहा था, तब चीन पाकिस्तान की खुफिया मदद कर रहा था।
सूत्रों के अनुसार, चीन ने पाकिस्तान के लिए कम से कम 3 रियल-टाइम मिलिट्री सैटेलाइट्स तैनात किए थे, जो ऑपरेशन के समय क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। ये सैटेलाइट्स पाकिस्तान को लगातार लाइव इमेजरी और लोकेशन डेटा दे रहे थे, जिससे वह भारतीय मूवमेंट्स को ट्रैक कर सके।
खुफिया एजेंसियों का दावा है कि ये सैटेलाइट्स चीन के Yaogan मिलिट्री सैटेलाइट नेटवर्क से जुड़े थे, जिन्हें खासतौर पर निगरानी, जासूसी और रणनीतिक सहायता के लिए डिजाइन किया गया है। इनमें से एक सैटेलाइट को ऑपरेशन सिंदूर से कुछ ही घंटे पहले विशेष रूप से उस क्षेत्र की ओर मोड़ा गया, जहां भारतीय फोर्सेस सक्रिय थीं।
भारतीय एजेंसियों ने भी इस चीनी हस्तक्षेप को रिकॉर्ड किया है और सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंप दी गई है। इससे भारत-चीन संबंधों में एक बार फिर तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना चीन और पाकिस्तान के बीच गहराते सामरिक रिश्तों का संकेत है। चीन खुलेआम भले ही तटस्थता का दावा करता हो, लेकिन ज़मीन पर वह पाकिस्तान को भारत के खिलाफ लगातार तकनीकी और रणनीतिक सहायता देता रहा है।ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य क्षमता और रणनीतिक सफलता का प्रतीक बना, लेकिन इसने यह भी दिखा दिया कि चीन और पाकिस्तान की ‘गठजोड़’ भारत के लिए भविष्य में कितनी बड़ी चुनौती बन सकती है।




