संसद में गुरुवार को भाषा को लेकर बड़ा विवाद देखने को मिला। झारखंड से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे और महाराष्ट्र के मराठी भाषी सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। यह टकराव संसद की लॉबी तक जा पहुंचा, जहां मराठी सांसदों ने निशिकांत दुबे को घेरते हुए उनके ‘हिंदी प्रमुखता’ वाले बयान पर आपत्ति जताई।
सूत्रों के मुताबिक, निशिकांत दुबे ने एक कमेटी की बैठक में मराठी की जगह हिंदी को वरीयता देने की बात कही थी। इसके बाद शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के सांसदों ने मिलकर दुबे से जवाब तलब किया। कुछ सांसदों ने इसे ‘मराठी भाषा का अपमान’ करार दिया।
हालांकि, निशिकांत दुबे ने अपने बयान को सही ठहराते हुए कहा कि हिंदी देश की राजभाषा है और संसद में उसका सम्मान होना चाहिए। इस बयान से विवाद और भड़क गया।
मामला अब लोकसभा सचिवालय तक पहुंच गया है और कुछ सांसदों ने इसकी औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है। अब देखना होगा कि लोकसभा अध्यक्ष इस विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं।




