नई दिल्ली | 20 अगस्त 2025:
लोकसभा में एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तमिलनाडु सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत केंद्र सरकार द्वारा मंजूर किए गए 2.15 लाख मकान अब तक गरीबों को नहीं दिए गए हैं। यही नहीं, 3.10 लाख मकानों का निर्माण कार्य भी अब तक शुरू नहीं हो सका है।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इन योजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से 608 करोड़ रुपये की राशि पहले ही राज्य को ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने इस देरी को गरीबों के साथ बड़ा अन्याय बताया और तमिलनाडु सरकार से अपील की कि वह जल्द से जल्द जरूरतमंदों को घर देने का काम शुरू करे।
क्या कहा मंत्री ने लोकसभा में?
“प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के लिए छत देने का एक सशक्त माध्यम है। तमिलनाडु सरकार को दिए गए लक्ष्य और राशि के बावजूद लाखों गरीब आज भी बेघर हैं। यह सरासर अन्याय है। राज्य सरकार को जवाबदेह होना चाहिए।”
– शिवराज सिंह चौहान, ग्रामीण विकास मंत्री




