पहलगाम हमले पर सख्त शब्दों में चीन के सामने पाकिस्तान को घेरा|
तियानजिन (चीन)।शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद को लेकर कड़ा संदेश दिया। लगभग 20 सदस्य और सहयोगी देशों के नेताओं की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि “दुनिया के लिए आतंकवाद सबसे बड़ा खतरा है और इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।”
प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि “भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद की मार झेल रहा है। पहलगाम हमला मानवता पर सीधा हमला था। भारत इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता है और इस कठिन समय में हमारे साथ खड़े मित्र देशों का आभार व्यक्त करता है।”
SCO समिट में पाकिस्तान पर सीधा निशाना
इंटेलिजेंस रिपोर्ट के मुताबिक, पहलगाम आतंकी हमले में पाकिस्तान के आतंकी संगठनों का हाथ था। इसके बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर कई आतंकियों को ढेर कर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने SCO मंच से इस साजिश का अप्रत्यक्ष रूप से जिक्र करते हुए साफ कर दिया कि आतंकवाद को शह देने वाले देशों को अब बख्शा नहीं जाएगा। मोदी के भाषण के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी मौजूद थे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की सख्त आवाज
प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान को अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी गंभीरता से लिया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि SCO जैसे मंच पर पाकिस्तान और चीन की मौजूदगी में आतंकवाद पर भारत का कड़ा रुख, भविष्य में कूटनीतिक समीकरणों पर गहरा असर डालेगा। बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारत अपने रुख से किसी भी तरह समझौता नहीं करेगा।
Reported by : निखिल रस्तोगी




