जनता से सीधे संवाद में सीएम योगी बोले — गरीबों की बेटियों की शादी और इलाज में सरकार साथ खड़ी है

SHARE:

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बुजुर्ग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी आवेदकों से सीधे संवाद किया और उनके आवेदन लेकर मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन में आवास, स्वास्थ्य सहायता, जमीन विवाद, रोजगार, पारिवारिक विवाद और सामाजिक योजनाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और किसी को भी निराश नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन परिवारों के पास रहने के लिए घर नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराया जाएगा। इसी तरह, बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने वाले परिवारों को भी सरकार की योजनाओं से लाभ दिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों की बेटियों की शादी में सरकार हरसंभव मदद करेगी और किसी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं छोड़ा जाएगा।

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने अपनी बच्ची के इलाज और घर की व्यवस्था के लिए सहायता की गुहार लगाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह परिवार को सरकारी योजनाओं से जोड़कर आवश्यक सहयोग दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक तंगी किसी के जीवन के लिए बाधा नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और सभी मामलों का निस्तारण निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें और जरूरतमंदों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता के हित में कार्य करना और लोगों की समस्याओं का सीधा समाधान देना है। गोरखपुर में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रशासन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरे और हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन कार्यक्रम लगातार गोरखपुर में लोगों के बीच उम्मीद की एक नई किरण बन गया है। इस आयोजन के माध्यम से न केवल आम नागरिक अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री तक पहुँचा पाते हैं, बल्कि कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण भी किया जा रहा है। सीएम योगी ने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार का सर्वोच्च धर्म है और प्रदेश की हर योजना का उद्देश्य जनता के जीवन को बेहतर बनाना है।

Leave a Comment