मांझे से मौत पर सरकार सख्त, पूरे नेटवर्क पर चलेगा बुलडोजर

SHARE:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित चीनी मांझे से हो रही लगातार मौतों और दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि चीनी मांझे के कारण होने वाली मौतों को सामान्य हादसा नहीं माना जाएगा, बल्कि इसे गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि राज्य में चीनी मांझे के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसे पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि थोक और खुदरा बाजारों के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी चीनी मांझे की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जाए और नियमित छापेमारी की जाए। उन्होंने प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि किसी भी तरह से प्रतिबंधित मांझा बाजार में न पहुंच सके। सरकार का मानना है कि चीनी मांझा न सिर्फ आम लोगों के लिए, बल्कि पक्षियों और जानवरों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है, इसलिए इसके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

इसके अलावा राज्य सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बच्चों और युवाओं को इस खतरनाक मांझे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी जा सके। पतंग विक्रेताओं को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि वे प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री करते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया है कि अब इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।

Leave a Comment