पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देशभर में व्यावसायिक एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बताया है कि कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति अब संकट-पूर्व स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक बहाल कर दी गई है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर पड़े असर के कारण हाल के दिनों में व्यावसायिक एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई थी। हालांकि, सरकार और तेल विपणन कंपनियों के समन्वित प्रयासों से अब स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है और होटल, रेस्तरां, ढाबों, औद्योगिक कैंटीन तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मंत्रालय के अनुसार, छोटे उपभोक्ताओं और दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलिंडरों की उपलब्धता भी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में गुरुवार को देशभर में 5 किलो वाले करीब 81 हजार सिलिंडरों की बिक्री दर्ज की गई। यह कदम विशेष रूप से प्रवासी मजदूरों, अस्थायी आवास में रहने वाले लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए बेहद राहतभरा साबित हो रहा है। सरकार ने राज्यों और तेल कंपनियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि इन छोटे सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी क्षेत्र में घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक बुकिंग या जमाखोरी से बचें। सरकार लगातार आपूर्ति की निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम उठाने के लिए तैयार है। व्यावसायिक एलपीजी की आपूर्ति में आई इस तेजी से होटल, रेस्तरां, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और अन्य छोटे उद्योगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



