खुद किया इनकार, लेकिन सूत्रों की माने तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से दोपहर में हुई मुलाकात; पार्टी का फैसला सर्वोपरि, आशुतोष तिवारी के साथ करूंगा प्रचार।
Reported by: निखिल रस्तोगी
नई दिल्ली: दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट कटने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा रविवार को सुबह दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, “मैं भाजपा में ही पैदा हुआ हूं और भाजपा में ही अंतिम सांस लूंगा। मेरे लिए कोई दूसरी पार्टी नहीं है, सिर्फ और सिर्फ भाजपा है।”
नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि उन्होंने संगठन के नेताओं से मिलने के लिए समय मांगा था। जैसे ही मुलाकात होगी, मीडिया को बताऊंगा, कह कर किनारा किया, लेकिन सूत्र बताते है आज दोपहर दिल्ली में उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात हुई।

कल शनिवार रात भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल के साथ उनकी बैठक हुई थी। बैठक में दतिया उपचुनाव, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। टिकट कटने के फैसले पर मिश्रा ने कहा कि पार्टी का निर्णय उन्हें स्वीकार है। उन्होंने कहा, “पार्टी हमसे ज्यादा दूर तक देख सकती है। मेरे अंदर कोई कमी होगी तो मैं आत्ममंथन करूंगा। मैं किसी पर दोषारोपण नहीं करता।”
समर्थकों द्वारा नेशनल हाईवे-44 पर किए गए चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह उनके समर्थकों का ” *क्षणिक आवेश* ” था। उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं को समझा दिया गया है और अब दतिया में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी के मंच पर अपनी बात रखने का एक तरीका होता है और वह उसका पालन करेंगे।
नरोत्तम मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि वह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होंगे और उनके पक्ष में पूरी मजबूती से चुनाव प्रचार करेंगे। भाजपा छोड़ने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन भाजपा को समर्पित है और वह एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि टिकट कटने का दर्द है, लेकिन उससे उबरने का प्रयास कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद मिश्रा के समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 पर करीब 12 घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प और पत्थरबाजी भी हुई। इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने डैमेज कंट्रोल की कवायद तेज की। पहले भोपाल में प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात और फिर रविवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने सार्वजनिक रूप से यह संदेश दिया कि वह भाजपा के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और पार्टी के हर निर्णय का सम्मान करते हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए काम करेंगे।




