हरियाणा की उभरती मॉडल शीतल “सिम्मी” चौधरी की हत्या का मामला सचमुच बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे न केवल व्यक्तिगत धोखे को उजागर करते हैं, बल्कि यह भी दिखाते हैं कि कैसे एक लंबे समय का रिश्ता भी धोखे और क्रूरता में बदल सकता है।
शीतल का 5 साल पुराना रिश्ता सुनील कुमार नामक व्यक्ति से था, जो पानीपत का रहने वाला है और दो बच्चों का पिता है। वह एक होटल व्यवसायी है और शादीशुदा होते हुए भी शीतल से रिश्ता रख रहा था। जब शीतल को सुनील के शादीशुदा होने की सच्चाई का पूरा पता चला, तो दोनों के बीच रिश्ते में दरार आ गई। तनाव इतना बढ़ गया कि यह झगड़े में बदल गया, और इसी दौरान सुनील ने कथित रूप से शीतल की गला रेतकर हत्या कर दी। शीतल को शूटिंग के बहाने 14 जून की रात कार में बुलाया गया, फिर 15 जून को उसकी हत्या कर शव को कार समेत सोनीपत की नहर में फेंक दिया गया। शुरुआत में यह हादसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन जांच में हत्या साबित हुई। वहीं शीतल ने हत्या से ठीक पहले एक वीडियो कॉल अपनी बहन को किया था, जिसमें उसने शायद खतरे का आभास दिलाया था। यह कॉल अब केस का महत्वपूर्ण सबूत बन गया है। आपको बता दें कि पुलिस ने शव की पहचान टैटू से की क्योंकि चेहरे की हालत खराब थी। गौरबतलब है की कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग, CCTV फुटेज और पूछताछ के बाद पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। सुनील ने अपना गुनाह कबूल भी कर लिया है। वहीं पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज किया है और सुनील को कोर्ट में पेश करके रिमांड की मांग की है। पुलिस अब तक इस्तेमाल किए गए हत्या के हथियार, मोबाइल चैट्स, और अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।




