उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी! मेरठ और वाराणसी के बीच अब वंदे भारत एक्सप्रेस दौड़ेगी – वो भी अयोध्या होकर। ये हाई-स्पीड ट्रेन अब सीधे धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक रूप से अहम शहरों को जोड़ेगी।उत्तर रेलवे ने ऐलान किया है कि मौजूदा मेरठ–लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट अब आगे बढ़ाकर वाराणसी तक किया जा रहा है। ट्रेन अब अयोध्या होकर वाराणसी तक जाएगी। ये सुविधा अगस्त 2025 से शुरू होने की उम्मीद है।
22490 वंदे भारत एक्सप्रेस मेरठ सिटी से सुबह 6:35 बजे रवाना होगी, और बरेली, लखनऊ होते हुए अयोध्या दोपहर 3:55 पर पहुंचेगी। यहां से ट्रेन शाम 6:25 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी।
वहीं वापसी में 22489 ट्रेन वाराणसी से सुबह 9:10 पर चलकर अयोध्या, लखनऊ और मुरादाबाद होते हुए रात 9:05 पर मेरठ सिटी पहुंचेगी।
इस रूट पर धार्मिक और व्यावसायिक यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है। काशी और अयोध्या जैसे पवित्र स्थलों तक वंदे भारत की सुविधा मिलने से यात्रियों में खुशी है।”अयोध्या और काशी दोनों को जोड़ना बेहद खास है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और आम जनता को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।”वाराणसी के लिए ये सातवीं वंदे भारत ट्रेन होगी। और मेरठ से पूर्वांचल के लिए ये पहली डायरेक्ट हाई-स्पीड कनेक्टिविटी बन जाएगी। रेलवे का यह कदम यूपी के इन्फ्रास्ट्रक्चर और धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार देगा।




