प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घाना ने अपने दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘Officer of the Order of the Star of Ghana’ से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें भारत और घाना के बीच संबंधों को मजबूत करने में उनकी भूमिका के लिए दिया गया।
घाना की राजधानी अक्रा में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने प्रदान किया। सम्मान स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का है और भारत‑घाना मैत्री की प्रतीक है।सम्मान समारोह के बाद भारत और घाना के बीच हुई प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता में दोनों देशों ने चार अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
इन समझौतों में शामिल हैं:
सांस्कृतिक सहयोग को लेकर कार्यक्रम
BIS और GSA के बीच मानकीकरण और प्रमाणन समझौता
पारंपरिक चिकित्सा क्षेत्र में सहयोग
संयुक्त आयोग की स्थापना को लेकर सहमति
वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और साइबर सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्तियाँ दोगुनी की जाएंगी और घाना में एक कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, ‘फीड घाना’ जैसे कृषि कार्यक्रमों में भी भारत सहयोग करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत आने वाले वर्षों में घाना के साथ व्यापार को दोगुना करना चाहता है। उन्होंने घाना को भारत का “भरोसेमंद विकास साझेदार” बताया।यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने घाना के राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता भी दिया। दोनों नेताओं ने इस ऐतिहासिक मुलाकात को द्विपक्षीय संबंधों में नई दिशा देने वाला क्षण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा ने भारत और अफ्रीका के रिश्तों को एक नई मजबूती दी है। आगे देखना होगा कि इन समझौतों का क्या असर होता है।




