उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान राज्य में पर्यावरण संरक्षण और गोवंश संवर्धन को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अवैध खनन माफिया का बोलबाला था, जिसकी वजह से पेड़ों की अंधाधुंध कटाई हुई और ट्री कवर में भारी गिरावट आई।
सीएम योगी ने कहा, “हमने न सिर्फ अवैध खनन पर सख्ती की है, बल्कि वृक्षारोपण अभियान को भी जन आंदोलन बनाया है। आज प्रदेश में पर्यावरण संतुलन की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।”
उन्होंने बताया कि सरकार अब किसानों को चार गोवंश तक गोद लेने की अनुमति देगी। इसके लिए उन्हें सरकार की ओर से आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इस योजना का मकसद बेसहारा गोवंश की देखभाल सुनिश्चित करना और किसानों को भी लाभ पहुंचाना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाय हमारी आस्था ही नहीं, अर्थव्यवस्था का भी हिस्सा है। “हर जिले में गौ आश्रय स्थल विकसित किए जा रहे हैं, लेकिन समाज की भागीदारी से ही यह अभियान और सफल होगा,” उन्होंने जोड़ा।




