देश के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी है, और इसी बीच एक बड़ा राजनीतिक संकेत सामने आया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेडीयू नेता और केंद्र सरकार में मंत्री रामनाथ ठाकुर से मुलाकात की है, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि ठाकुर उपराष्ट्रपति पद के लिए NDA के संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं।
रामनाथ ठाकुर बिहार के दिग्गज समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं और वर्तमान में केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वे राज्यसभा सांसद भी हैं और जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं में शुमार किए जाते हैं।
जेपी नड्डा और ठाकुर की मुलाकात को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह चर्चा उपराष्ट्रपति पद की रणनीति से जुड़ी है। यदि एनडीए रामनाथ ठाकुर को उम्मीदवार बनाता है तो यह सामाजिक समीकरणों और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक दांव माना जाएगा।
अब देखना यह होगा कि एनडीए की ओर से आधिकारिक उम्मीदवार के तौर पर किस नाम की घोषणा होती है, लेकिन रामनाथ ठाकुर का नाम इस दौड़ में शामिल होना सियासी गलियारों में खासा चर्चा का विषय बन गया है।




