22 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, 2 अगस्त तक चलेगी

SHARE:

उत्तराखंड की धामी सरकार ने कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने आदेश जारी किया है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगने वाली सभी खाद्य दुकानों और ठेलों को अपना पहचान पत्र (ID), मालिक का नाम और फूड लाइसेंस स्पष्ट रूप से दुकान पर प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।

सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य यात्रा मार्ग पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना है। प्रशासन के मुताबिक, हर खाद्य विक्रेता को FSSAI से लाइसेंस लेना होगा और यह लाइसेंस दुकान के सामने साफ-साफ चिपकाया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बिना पहचान और लाइसेंस के किसी भी दुकान को अनुमति न दी जाए। साथ ही फूड इंस्पेक्शन की टीमें नियमित रूप से निरीक्षण करेंगी।

बता दें कि इस साल कांवड़ यात्रा 22 जुलाई से शुरू होकर 2 अगस्त तक चलेगी, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार और अन्य तीर्थस्थलों पर पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में धामी सरकार का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Comment