प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 5 देशों के विदेश दौरे के तहत अब ब्राजील पहुंच गए हैं। रियो डी जनेरियो एयरपोर्ट पर उनका बेहद भव्य और भावनात्मक स्वागत किया गया। खास बात ये रही कि भारतीय प्रवासियों ने इस आयोजन को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर सजाया – जो भारतीय सैन्य शौर्य और त्याग का प्रतीक माना जाता है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही रियो डी जनेरियो पहुंचे, वहां मौजूद भारतीय समुदाय ने भारत माता के जयकारों और पारंपरिक वेशभूषा में स्वागत किया। स्वागत समारोह में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम पर आधारित देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बाँध दिया।भारतीय प्रवासियों ने ‘ये देश नहीं झुकने दूंगा’ जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। नृत्य, रंग और भावनाओं से भरा ये प्रदर्शन पीएम मोदी को भी भावुक कर गया।
पीएम मोदी ने कहा की “इतनी दूर रहकर भी आप सभी भारत के संस्कारों, परंपराओं और देशभक्ति से जुड़े हुए हैं। ये देखकर मेरा मन गर्व से भर गया है।
पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से बातचीत की, उन्हें भारत की नई विकास यात्रा से जोड़े रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि भारत का हर नागरिक, देश या विदेश में हो, राष्ट्र निर्माण में भागीदार है।
ब्राजील में पीएम मोदी 6 और 7 जुलाई को BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वे ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें ऊर्जा, व्यापार, कृषि, और रक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होगी।तो ब्राजील में हुआ ये स्वागत सिर्फ एक रस्म नहीं था, बल्कि प्रवासी भारतीयों की मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक था। प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत-ब्राजील संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक और मजबूत कदम साबित हो सकता है।




