नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) श्रीनगर ने दक्षिण कश्मीर में ड्रग्स तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया, पूर्व आतंकी समेत दो गिरफ्तार
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) श्रीनगर ज़ोन ने दक्षिण कश्मीर में एक बड़े ड्रग्स तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन के दौरान दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक पूर्व आतंकी भी शामिल है।
NCB श्रीनगर को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 8 और 9 जुलाई 2025 को अनंतनाग ज़िले के बिजबेहड़ा इलाके में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में करीब 28 किलोग्राम पोस्ता भूसा बरामद किया गया और दो आरोपियों — शबीर (निवासी नौशहरा, थाना श्रीगुफवाड़ा, ज़िला अनंतनाग) और अमीन (निवासी कनैलवान, थाना बिजबेहड़ा, ज़िला अनंतनाग) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान शबीर के घर से 9 जुलाई को अतिरिक्त 11 किलोग्राम पोस्ता भूसा भी बरामद किया गया।
जांच में खुलासा हुआ है कि शबीर पहले प्रतिबंधित आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (JKLF) का सदस्य रह चुका है। उसे 1996 में आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और 2004 में रिहा किया गया।
वहीं अमीन का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उस पर पहले हिमाचल प्रदेश के इंदौरा थाना में 2017 में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था और एक अन्य केस थाना श्रीगुफवाड़ा, अनंतनाग में दर्ज है, जिसमें 523 किलोग्राम पोस्ता भूसा की बरामदगी हुई थी। वह इन दोनों मामलों में जमानत पर बाहर था।
NCB अब इस मामले से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क की पहचान में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह गिरोह स्थानीय पोस्ता उत्पादकों से माल खरीद कर उसे अवैध चैनलों के ज़रिए दूसरे राज्यों में भेजता था।
श्रीनगर में NCB कार्यालय की स्थापना केंद्र सरकार की रणनीतिक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में नशे के व्यापार पर सख्त कार्रवाई और युवाओं को इसके दुष्प्रभाव से बचाना है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) आम नागरिकों से इस लड़ाई में सहयोग की अपील करता है। कोई भी व्यक्ति नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘मानस’ के टोल फ्री नंबर 1933 पर कॉल कर सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाती है।




