कर्नाटक से कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ विधायक बेलूर गोपालकृष्ण ने एक चौंकाने वाला लेकिन विचारणीय बयान दिया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाए जाने की वकालत की है, बशर्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 वर्ष की उम्र में पद से हटने का फैसला लें।
सागर विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रह चुके गोपालकृष्ण ने कहा—
“अगर नरेंद्र मोदी 75 की उम्र में पद छोड़ें, तो नितिन गडकरी उनके लिए आदर्श उत्तराधिकारी होंगे।”
उनका यह बयान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के उस हालिया बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने 75 वर्ष की उम्र के बाद राजनीति से संयास लेने की बात कही थी।
नितिन गडकरी की तारीफ में बोले कांग्रेस विधायक
गोपालकृष्ण ने नितिन गडकरी को एक दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि—
“गडकरी एकमात्र ऐसे नेता हैं जो देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने की सोच रखते हैं और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की क्षमता रखते हैं।”
राजनीतिक गलियारों में हलचल
कांग्रेस विधायक के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी खेमे से किसी भाजपा नेता के प्रति ऐसी खुली सराहना बेहद कम ही देखने को मिलती है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि भाजपा, आरएसएस और खुद नितिन गडकरी इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।




