युवा नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी: नितिन नबीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

SHARE:

नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार में मंत्री और वरिष्ठ नेता नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। 45 वर्षीय नितिन नबीन वर्तमान में बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार के विधायक हैं और बिहार सरकार में मंत्री पथ निर्माण, नगर विकास एवं आवास विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं।

एयरपोर्ट एवं मुख्यालय पर भव्य स्वागत

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद जब नितिन नबीन दिल्ली पहुंचे, तो एयरपोर्ट पर बीजेपी नेता विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके बाद दोपहर 3 बजकर 51 मिनट पर नितिन नबीन बीजेपी मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ,पीयूष गोयल और तरुण चुग, दुष्यंत गौतम ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगठन महामंत्री बी एल संतोष एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, विष्णु मित्तल, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सबसे पहले बीजेपी के नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पदभार ग्रहण और कार्यकर्ताओं से संवाद

नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से जेपी नड्डा से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद वे हॉल में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले और सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।

कार्यकर्ताओं में उत्साह, बिहार की झलक

पार्टी मुख्यालय में कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। बिहार की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हुए चूड़ा-दही, गुड़ और मखाने की खीर जैसे पारंपरिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वाद लिया।

राजनीतिक सफर और उपलब्धियां

नितिन नबीन का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वे एबीवीपी से जुड़े रहे और भाजयुमो के महासचिव भी रहे।

वर्ष 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने।

2010 से 2025 तक बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार जीत दर्ज की।

फिलहाल वे बिहार की एनडीए सरकार में पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास मंत्री हैं।

छत्तीसगढ़ के प्रभारी के रूप में 2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत में उनकी अहम भूमिका रही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को “मेहनती और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता” बताते हुए उनकी संगठनात्मक क्षमता की सराहना की है।

राजनीतिक संकेत

नितिन नबीन की यह नियुक्ति बीजेपी में पीढ़ीगत बदलाव का संकेत मानी जा रही है। युवा नेतृत्व को आगे लाकर पार्टी ने साफ कर दिया है कि आने वाले वर्षों में संगठन को मजबूत कर चुनावी सफलता हासिल करना उसकी प्राथमिकता है।

इस नियुक्ति के साथ ही नितिन नबीन के सामने एक बड़ी संगठनात्मक और राजनीतिक चुनौती को पार करना है अगले वर्ष 2026 में असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुदुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भी बीजेपी के लिए अत्यंत अहम माने जा रहे हैं।

कार्यकम के संपन्न होने पर पूरे कार्यालय में लड्डू वितरण कर सभी का मुँह मीठा करवाया l

Reported by:- निखिल रस्तोगी

Leave a Comment