दिल्ली के कनॉट प्लेस में बीजेपी ने आयोजित की भव्य बाइक रैली, महिला सांसदों समेत दिल्ली प्रदेश के नेता भी हुए शामिल
Reported By: निखिल रस्तोगी
नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में दिल्ली प्रदेश बीजेपी ने राजधानी के दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस में नारी शक्ति के सम्मान में आज एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया।बिल के समर्थन में पहले मानव श्रृंखला बनाई और उसके बाद बाइक रैली का कार्यक्रम शुरू हुआ l

इस रैली का नेतृत्व दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलेज की छात्राओं के साथ साथ महिलाओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और पश्चिम दिल्ली की सांसद कमल सहरावत भी शामिल हुईं और महिलाओं के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई साथ में अन्य नेता व कार्यकर्ताओं का जोश भी देखने लायक था l
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि महिला आरक्षण का यह सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संसद के विशेष सत्र में इस दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया जाएगा। सचदेवा ने कहा कि देशभर में महिलाओं के बीच इस बिल को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल है और यह पहल देश की आधी आबादी को सशक्त प्रतिनिधित्व देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक इस बिल को लंबित रखा गया, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे साकार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब यह बिल 2023 में लाया गया, तब सभी दलों ने इसका समर्थन किया, इसलिए अब इसे राजनीति से ऊपर उठकर देखना चाहिए।
वहीं, सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि महिला आरक्षण बिल अब साकार होने की दिशा में है और सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इसका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद यह कानून जल्द लागू होगा और 2029 से महिलाओं को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बीजेपी द्वारा आयोजित इस बाइक रैली में युवतियों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि देश में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक नई ऊर्जा और विश्वास का माहौल बन रहा है।




