प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ की शुरुआत, भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रक्तदान कर किया शुभारंभ

SHARE:

Reported by : निखिल रस्तोगी

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ की शुरुआत की। जनसेवा, सुशासन और जनभागीदारी को समर्पित इस एक महीने के अभियान के तहत देशभर में रक्तदान शिविर, सेवा कार्य, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही शाम को घरों और प्रतिष्ठानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने सबसे पहले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की, दीप प्रज्वलित किया और रक्तदान अभियान की शुरुआत की। इस दौरान नितिन नवीन ने स्वयं भी कार्यकर्ताओं के साथ रक्तदान किया। भाजपा मुख्यालय में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर अभियान में अपनी भागीदारी निभाई।

मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि 17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना का भी पावन दिन है। उन्होंने कहा कि आज निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा के साथ-साथ आधुनिक भारत के निर्माता और देश के प्रधान सेवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जन्मदिन है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके यशस्वी और दीर्घायु जीवन की कामना की।

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा सेवा दिवस के रूप में मनाती रही है और इसी क्रम में आज से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान के मंत्र के साथ देशभर में हजारों भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान में भाग लेकर जनसेवा का संदेश दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में लाखों,करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की तपस्या ने केवल लोगों के जीवन ही नहीं, बल्कि देशवासियों की सोच में भी परिवर्तन लाने का काम किया है। राष्ट्र प्रथम की भावना आज हर भारतीय के भीतर और अधिक मजबूत हुई है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में लाखों लोग ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए सभी देशवासी सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Comment