Reported by: निखिल रस्तोगी
150 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे प्रधानमंत्री…
नई दिल्ली:- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती इस वर्ष ऐतिहासिक रूप से मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस-2025 के भव्य समारोह में शामिल होंगे।
30 अक्टूबर को प्रधानमंत्री शाम 5:15 बजे ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर हरित भारत का संदेश देंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे वे 1,140 करोड़ रुपये से अधिक की विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 150 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे।
31 अक्टूबर की सुबह प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे देशवासियों को एकता की शपथ दिलाएंगे और परेड का निरीक्षण करेंगे। करीब 10:45 बजे प्रधानमंत्री ‘आरंभ 7.0’ कार्यक्रम में 100वें कॉमन फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद भी करेंगे।
BSF महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने जानकारी दी कि इस वर्ष का राष्ट्रीय एकता दिवस पहले से कहीं अधिक भव्य और समावेशी होगा। इस वर्ष का विषय है —

विविधता में एकता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना…
डीजी ने बताया कि समारोह में BSF, CRPF, CISF, ITBP, SSB सहित सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस इकाइयाँ भाग लेंगी। CRPF के वीरता पुरस्कार विजेता और BSF के वीरता पदक विजेता भी समारोह में सम्मानित किए जाएंगे। इन पुरस्कारों में झारखंड के नक्सल विरोधी अभियानों और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में असाधारण साहस दिखाने वाले जवान शामिल हैं।
समारोह के मुख्य आकर्षणों में बीएसएफ का ऊंट दस्ता और ऊंट बैंड, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ता, असम पुलिस का मोटरसाइकिल डेयरडेविल शो, मुख्य आकर्षणों में विशेष रूप से रामपुर हाउंड और मुधोल हाउंड जैसे भारतीय नस्ल के स्वानों से युक्त बीएसएफ का मार्चिंग दस्ता शामिल होगा
डीजी बीएसएफ ने बताया कि यह आयोजन सरदार पटेल की 150वीं जयंती का प्रतीक है और देश की एकता, अखंडता को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस उत्सव में भाग लेकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को सशक्त बनाएं।
गृह मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम नर्मदा नदी के तट पर बसे एकता नगर में सरदार पटेल के 562 रियासतों के एकीकरण की भावना और राष्ट्रीय एकता के उनके अमर संदेश को फिर से जीवंत करेगा।
सरदार पटेल ने भारतीय सिविल सेवाओं की नींव रखी थी, जिसे उन्होंने भारत का “स्टील फ्रेम” कहा था। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होने वाला यह समारोह उनके आदर्शों, दृष्टि और एकजुट भारत के उनके सपने को साकार करने का प्रतीक बनेगा।




